जालंधर: लायंस क्लब जालंधर की ओर से प्रधान अश्वनी मल्होत्रा एवं प्रथम लेडी ऑफ क्लब शशी मल्होत्रा के नेतृत्व में लायंस भवन में भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। सावन की फुहार, पंजाबी लोक संस्कृति की रंगत और महिलाओं के उत्साह से सजा यह समारोह यादगार बन गया। कार्यक्रम में करीब 150 महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तीज के पारंपरिक रंग को जीवंत कर दिया।

समारोह में लोकगीत, गिद्धा, ढोल की थाप, पारंपरिक परिधान, मनोरंजक खेलों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूब रंग जमाया। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ तीज के पारंपरिक गीतों पर झूमते हुए समारोह का आनंद लिया।

इस अवसर पर माधुरी अनु माटा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। वहीं तीज क्वीन प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में क्लब की पूर्व प्रधान सुरेंद्र कौर चौधरी, किरणजोत आनंद एवं मिसेज वंदना मेहता शामिल रहीं।

प्रतियोगिता में सुधा चड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीज क्वीन का ताज अपने नाम किया। उर्मिल ज्योति ने द्वितीय तथा भावना डींगरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि जागृति को बेस्ट वॉक के खिताब से नवाजा गया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू रहा उर्मिल ज्योति का मंच संचालन। उन्होंने बेहद खूबसूरत, शायराना और प्रभावशाली अंदाज में मंच का संचालन करते हुए अपनी शब्दों की जादूगरी से समां बांध दिया। उनकी तीज, सावन, नारी शक्ति और पंजाबी संस्कृति से जुड़ी शायरियों ने उपस्थित महिलाओं का दिल जीत लिया और हर प्रस्तुति को एक खूबसूरत भावनात्मक जुड़ाव प्रदान किया। उनके अंदाज-ए-बयां की उपस्थित सभी सदस्यों ने जमकर सराहना की।

समारोह में सुधा वशिष्ट, नेहा वशिष्ट शर्मा, रूपिंदर कौर अग्रवाल, निर्मला शर्मा सहित बड़ी संख्या में लायंस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। दीया मेहता एवं देवांशी ने भी नृत्य और गीत-संगीत की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगाए।

मुख्यातिथि माधुरी अनु माटा ने कहा कि लायंस क्लब सेवा भावना के साथ समाज में आपसी एकता, भाईचारे और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और एक-दूसरे के साथ जुड़ने का सुंदर मंच प्रदान करते हैं।

प्रधान अश्वनी मल्होत्रा ने कहा कि तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध पंजाबी संस्कृति, परंपराओं और आपसी प्रेम का प्रतीक है। क्लब द्वारा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान अश्वनी मल्होत्रा ने मुख्यातिथि, निर्णायक मंडल, सभी प्रतिभागियों, लायंस परिवार के सदस्यों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
सावन की फुहार, ढोल की थाप और तीज के रंगों से सराबोर यह समारोह हंसी-खुशी और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।