

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में H1N1 और सांस से जुड़ी अन्य बीमारियों के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। 1777 नए मामले सामने आने के बाद अब दिल्ली में H1N1 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और दिल्ली सरकार के अधिकारी संक्रमण की स्थिति, अस्पतालों की तैयारियों और मरीजों के इलाज से जुड़े इंतजामों की समीक्षा करेंगे।दिल्ली-NCR में उमस और लगातार बदलते मौसम के बीच फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या बढ़ने की बात सामने आ रही है। डॉक्टरों के मुताबिक मरीजों में बुखार, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं। कुछ मरीजों में ऑक्सीजन का स्तर गिरने की समस्या भी सामने आई है, जिसके चलते गंभीर श्वसन संक्रमण वाले मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है।


