
नेपाल बाढ़ से मरने वालों की संख्या 70 के पार, कुछ लोग लापता

नेपाल: मध्य नेपाल के कई जिले बुधवार को तिब्बत में अचानक आई भीषण बाढ़ की चपेट में आ गए जिससे 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई तथा 133 भारतीयों समेत करीब 500 लोग लापता हैं। नेपाल के अधिकारियों के अनुसार अचानक आई बाढ़ के बाद सात जिलों से 72 शव बरामद किए गए हैं। बागमती प्रांत पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता राजेंद्र प्रसाद धमाला के अनुसार, चितवन जिले से 18, धादिंग से 16, नुवाकोट से 11 और रसुवा से एक शव बरामद किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आने से तिब्बत की सीमा से लगे रसुवा और धादिंग जिले प्रभावित हुए। इसके बाद बाढ़ धादिंग, नुवाकोट और चितवन जिलों तक फैल गई तथा कम से कम चार स्थायी एवं कुछ अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गए। धमाला ने बताया कि प्रभावित इलाकों के विभिन्न हिस्सों से कम से कम 93 लोगों को बचाया गया है। इनमें से 30 लोगों का काठमांडू के त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में इलाज किया जा रहा है



