

जालंधर : गुलाब देवी रोड पर अगस्त माह में आशीर्वाद देने के बहाने ब्यूटी पार्लर संचालिका के कानों से सोने के टॉप्स झपटने वाले फर्जी बाबाओं के गिरोह के एक सदस्य को थाना नंबर-1 की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात में तीन लोग शामिल थे। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।जानकारी के अनुसार 8 अगस्त को विंडसर पार्क, गुलाब देवी रोड निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका अनुराधा सैनी अपनी सहेली के साथ सब्जी खरीदने आई थी। इसी दौरान एक कार उनके पास आकर रुकी। कार सवार युवक ने उन्हें बाबा के बहुत पहुंचे हुए होने की बात कहकर आशीर्वाद लेने के लिए बुलाया। कार में बैठे फर्जी बाबा ने अनुराधा को 500 रुपए का नोट देते हुए आशीर्वाद देने के बहाने उनके कानों से सोने के टॉप्स झपट लिए थे।



