

जालंधर: पंजाब में 6000 करोड़ रुपये के बहुचर्चित ड्रग मामले में पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम ने उन्हें 5 अक्टूबर को पूछताछ के लिए तलब किया है। इसी मामले के मुख्य आरोपी रहे जगदीश भोला को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।सूत्रों के मुताबिक, SIT दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी में है। अगर ऐसा होता है तो ड्रग मामले की जांच के दौरान यह पहला मौका होगा, जब जगदीश भोला और बिक्रम सिंह मजीठिया से आमने-सामने पूछताछ की जाएगी। गौरतलब है कि वर्ष 2013 में पंजाब पुलिस ने कथित तौर पर 6000 करोड़ रुपये के सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया था।जांच के दौरान नशे के अलावा हथियार और विदेशी मुद्रा भी बरामद होने की बात सामने आई थी। इस मामले में पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान और पंजाब पुलिस के पूर्व DSP जगदीश भोला को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान भोला द्वारा बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम लिए जाने के बाद यह मामला पंजाब की राजनीति में भी काफी चर्चा में रहा था। अब SIT दोनों से पूछताछ करेगी।



