Sliderपंजाब

पंजाब सरकार प्रदेश की खेल विरासत को पुनर्जीवित कर रही है: मोहिंदर भगत

कैबिनेट मंत्री ने जालंधर में ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का किया शुभारंभ
जालंधर, 10 अक्टूबर: पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज सरकारी आर्ट्स एवं स्पोर्ट्स कॉलेज, जालंधर में ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया। ये प्रतियोगिताएं 10 से 15 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान वॉलीबॉल शूटिंग, शतरंज और टेबल टेनिस के रोमांचक मुकाबले करवाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दूरदर्शी नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य की गौरवशाली खेल विरासत को पुनर्जीवित करने और पंजाब को दोबारा खेलों में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्वयं खेलों के प्रति गहरी रुचि रखते हैं और फुटबॉल, हॉकी तथा वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। खेलों को प्रोत्साहित करना राज्य में नशे की समस्या को समाप्त करने का एक प्रभावी माध्यम है।
मोहिंदर भगत ने कहा कि एक सच्चा खिलाड़ी नशे से दूर रहता है। खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा उनमें अनुशासन, समर्पण और सामुदायिक भावना विकसित करते हैं। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।
खेलों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने खेल क्षेत्र के लिए 1,800 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट निर्धारित किया है। इस राशि से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधुनिक एवं आदर्श खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, ताकि गांवों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश एवं प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी कर रहे उत्कृष्ट खिलाड़ियों को डाइट और प्रशिक्षण के लिए अग्रिम वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इससे खिलाड़ियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना किए बिना अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
मंत्री मोहिंदर भगत ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और खेल विभाग की सराहना की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरे समर्पण, दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें तथा अपने प्रदर्शन से पंजाब का नाम रोशन करें।
इससे पहले, कॉलेज परिसर में पहुंचने पर जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा, तैराकी कोच उमेश शर्मा, वॉलीबॉल कोच अमृतपाल सिंह, पलविंदर कौर, शतरंज कोच दिनेश घेरा सहित खिलाड़ियों और अन्य अधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button