

जालंधर: देश के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर वीरवार को टोल प्लाजा वर्कर यूनियन ने पंजाब बंद के समर्थन में अपना काम बंद रखने का ऐलान किया। यूनियन के इस फैसले के चलते टोल प्लाजा को दिनभर टोल फ्री रखने की घोषणा की गई। इस मौके पर टोल प्लाजा वर्कर यूनियन पंजाब के प्रधान दर्शन सिंह लाडी ने कहा कि मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने इस घटना के विरोध में पंजाब सरकार पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री और डीजीपी से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की। दर्शन सिंह लाडी ने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में यूनियन ने पंजाब बंद को समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टोल प्लाजा पर कोई भी कर्मचारी काम नहीं करेगा और टोल को फ्री रखा जाएगा।



