Uncategorizedपंजाबशिक्षा और संस्कृति

एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन, जालंधर में दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया*

जालंधर, एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन, जालंधर में दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया जी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं डॉ. नेहा बर्लिया जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सभा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश से अवगत करवाना तथा उन्हें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रार्थना एवं गायत्री मंत्र के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने संकल्प, सामूहिक गीत, भजन, भाषण, प्रश्नोत्तरी तथा आज के विचार के माध्यम से दशहरा पर्व के महत्त्व को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एक आकर्षक लघु नाटिका का मंचन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम की रावण पर विजय को दर्शाया गया। इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को अपने भीतर की नकारात्मकता पर विजय प्राप्त करने तथा सत्य, धर्म और करुणा जैसे नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश चंदेल जी ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने तथा अपने दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अच्छे संस्कारों, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस प्रकार, विशेष प्रातःकालीन सभा ने विद्यार्थियों को दशहरा पर्व के वास्तविक संदेश से परिचित करवाते हुए सत्य, सदाचार एवं सकारात्मकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

Related Articles

Back to top button