

जालंधर। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। संभावित चुनाव कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां शुरू होने की चर्चा है। माना जा रहा है कि जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो सकती है, जबकि विधानसभा चुनावों के लिए मतदान फरवरी के पहले या दूसरे सप्ताह में करवाए जाने की संभावना है। हालांकि, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अभी तक चुनाव कार्यक्रम की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों व नियुक्तियों को लेकर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश लागू हो जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका अहम रहेगी। चुनाव तैयारियों के तहत चुनाव आयोग उन अधिकारियों की तैनाती की समीक्षा कर रहा है, जो पिछले 3 वर्षों से एक ही स्थान पर या अपने गृह जिले में तैनात हैं। चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका को दूर करने और प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे अधिकारियों का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है।



