पंजाबशिक्षा और संस्कृति

एनआईटी जालंधर और इटली के यूनिवर्सिटी ऑफ पीसा के बीच शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को लेकर समझौता

डॉ. बी. आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जालंधर ने इटली के यूनिवर्सिटी ऑफ पीसा के साथ शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौता किया है। यह समझौता यूनिवर्सिटी ऑफ पीसा के डिपार्टमेंट ऑफ एनर्जी, सिस्टम्स, टेरिटरी एंड कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग (DESTEC) के साथ हुआ है। यूनिवर्सिटी ऑफ पीसा विज्ञान, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न विषयों में शिक्षा और शोध के लिए जाना जाता है।
संस्थान के निदेशक प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान संस्थान के रजिस्ट्रार प्रो. अनीश सचदेवा, डीन (इंटरनेशनल एंड इंडस्ट्री अफेयर्स) प्रो. अजय बंसल, एसोसिएट डीन डॉ. सौरभ कानगो एवं डॉ. प्रज्ञा रंजन राउत, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष डॉ. तंगेल्लापल्ली श्रीनिवास तथा डॉ. राजन कुमार उपस्थित रहे।
इस समझौते से दोनों संस्थानों के शिक्षकों और शोधार्थियों को एक-दूसरे के संस्थान में काम करने और अपने अनुभव साझा करने के अवसर मिलेंगे। इसके तहत दोनों संस्थानों के बीच स्नातक, मास्टर और पीएचडी के विद्यार्थियों का आदान-प्रदान हो सकेगा। साथ ही, दोनों संस्थानों के शिक्षक मिलकर पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन भी करेंगे।
दोनों संस्थान मिलकर शोध परियोजनाओं, कार्यशालाओं और सम्मेलनों का आयोजन भी कर सकेंगे। इस पहल से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक वातावरण में काम करने, नए शोध क्षेत्रों से जुड़ने और अपने ज्ञान एवं अनुभव को बढ़ाने के अवसर प्राप्त होंगे।

Related Articles

Back to top button