Uncategorizedपंजाबशिक्षा और संस्कृति

एपीजे स्कूल रामा मंडी, जालंधर में दीपावली समारोह ‘रंगमंच-ए-रौशनी 2.0’ का भव्य आयोजन

एपीजे स्कूल, रामा मंडी, जालंधर में एपीजे एजुकेशन के संस्थापक चेयरमैन स्वर्गीय डॉ. सत्य पाल जी के आशीर्वाद, वर्तमान चेयरपर्सन श्रीमती सुषमा पॉल बरलिया जी की प्रेरणा तथा लीड-एजुकेशन वर्टिकल की प्रमुख डॉ. नेहा बरलिया जी के मार्गदर्शन में दीपावली का पावन पर्व ‘रंगमंच-ए-रौशनी 2.0’ बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर आसपास के क्षेत्रों के सरपंच साहिबान, गणमान्य अतिथियों तथा विभिन्न प्ले-वे स्कूलों के प्रमुखों एवं शिक्षकों ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री ए.के. शर्मा जी के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती लवलीन बग्गा जी ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया तथा दीपावली के इतिहास एवं महत्व पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।

इस अवसर पर आमंत्रित विद्यालयों एवं मेजबान विद्यालय के के.जी. विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए बेबी शो, एकल गायन एवं कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नन्हे प्रतिभागियों का उत्साह, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा देखते ही बनती थी। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने दीप सजावट, मोमबत्ती सजावट एवं तोरण निर्माण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए सुंदर दीपों, मोमबत्तियों, सजी हुई थालियों एवं तोरणों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके अतिरिक्त अंतर-सदनीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने मधुर गीतों एवं मनमोहक नृत्यों की प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रामायण ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर बंदी छोड़ दिवस के ऐतिहासिक महत्व एवं उसकी प्रेरणादायक गाथा पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

समूचा समारोह प्रकाश, उल्लास, भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं आपसी सद्भाव का सुंदर संगम बन गया। उपस्थित सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं रचनात्मक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती अंजुमनदीप कौर जी ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने इस समारोह को सफल एवं यादगार बनाने में योगदान देने वाले विद्यालय के समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button