
वित्तीय साक्षरता एवं समझदारीपूर्ण निवेश : सुरक्षित भविष्य की ओर एक सशक्त कदम

एपीजे एजुकेशन सोसाइटी की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा पॉल बर्लिया जी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा डॉ. नेहा बर्लिया जी के मार्गदर्शन में एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन, जालंधर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं जीवनोपयोगी कौशलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में विद्यालय द्वारा ब्रिटिश काउंसिल परियोजना ‘साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता : वैश्विक डिजिटल परिदृश्य में भारत की भूमिका’ के अंतर्गत ‘वित्तीय साक्षरता एवं समझदारीपूर्ण निवेश’ विषय पर एक ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर लायलपुर खालसा कॉलेज फॉर वूमेन, जालंधर के वाणिज्य एवं प्रबंधन स्नातकोत्तर विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. जसविंदर कौर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।
अपने रोचक एवं ज्ञानवर्धक संबोधन के माध्यम से डॉ. जसविंदर कौर ने विद्यार्थियों को वित्तीय नियोजन, समझदारी से बचत करने, सोच-समझकर निवेश के निर्णय लेने तथा धन के उचित प्रबंधन के महत्त्व से अवगत करवाया। उन्होंने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी एवं डिजिटल ठगी से बचने के लिए सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।
इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों की वित्तीय जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित हुई तथा उन्हें वर्तमान डिजिटल युग में सोच-समझकर निर्णय लेने के लिए आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्राप्त हुए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश चंदेल जी ने डॉ. जसविंदर कौर का उनके बहुमूल्य ज्ञान एवं उपयोगी विचार साझा करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक वित्तीय ज्ञान प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे सोच-समझकर निर्णय ले सकें और डिजिटल दुनिया में जिम्मेदारीपूर्वक अपनी भूमिका निभा सकें।
यह पहल विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार, वित्तीय रूप से सक्षम एवं डिजिटल रूप से सजग नागरिक बनाने की दिशा में विद्यालय की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करती है।


