

जालंधर, 13 नवंबर :
श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पुरब को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे समारोहों की श्रृंखला के अंतर्गत आज यहां हंस राज महिला महाविद्यालय में गुरु जी की बाणी और शिक्षाओं को समर्पित विशेष सेमिनार करवाया गया।
सेमिनार के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं युवा पीढ़ी जी की महान शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु जी की पवित्र बाणी समूची मानवता के लिए प्रकाश स्तंभ है, जो आने वाले समय तक पूरी लोक-समाज को समानता, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर संत निर्मल दास जी, मुखिया डेरा संत बाबा प्रीतम दास जी (बाबे जौड़े) रायपुर-रसूलपुर, संत सतविंदर सिंह हीरा जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष आल इंडिया आदि धर्म मिशन, चरणछोह सच्चखंड बेगमपुरा, श्री खुरालगढ़ साहिब, बहन संतोष जी, सचिव डेरा संत बाबा प्रीतम दास जी (बाबे जौड़े) राएपुर-रसूलपुर, सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी रूप लाल रूप, डिप्टी डायरेक्टर उच्च शिक्षा विभाग डॉ. नवदीप सिंह और कॉलेज की प्रिंसिपल एकता खोसला विशेष तौर से मौजूद थे।
श्री भगत ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने सामाजिक बराबरी, आपसी प्रेम, भाईचारे, सच्चाई और मानवीय सम्मान का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाओं में किरत के महत्व और मेहनत करने के सिद्धांत को विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने ऐसे समाज की कल्पना दी, जो समानता, न्याय, दया और आपसी सम्मान पर आधारित हो। उन्होंने नौजवान विद्यार्थिनियों को गुरु जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया ताकि वे मानवीय मूल्यों को और गहराई से समझ सकें।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पुरब को बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य गुरु जी की शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाना, विशेषकर नई पीढ़ी को गुरु जी के महान संदेशों से परिचित कराना और उन्हें समानता, सेवा व मानवता के सिद्धांतों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि प्रकाश पुरब को समर्पित साल भर चलने वाले समारोहों के हिस्से के रूप में डेरा सच्चखंड बल्लां के निकट श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। इन समारोहों के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा जहां शैक्षणिक संस्थानों में सेमिनारों के माध्यम से युवाओं को गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से परिचित कराया जा रहा है, वहीं विभिन्न स्थानों पर कीर्तन दरबार, ड्रोन शो भी करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा मोबाइल वैनों के माध्यम से प्रदेश के गांवों में गुरु जी के जीवन व शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जा रही है।
इस अवसर पर संत निर्मल दास जी ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थिनियों को मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं व उपदेशों को नौजवान पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों, कॉलेजों में ऐसे सेमिनार करवाने से नई पीढ़ी को गुरु जी की विचारधारा से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
संत सतविंदर सिंह हीरा जी ने नौजवान पीढ़ी को श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा दर्शाए मार्ग पर चलते हुए बुराइयों का त्याग करके गुणों और ज्ञान को ग्रहण करने की अपील की।
बहन संतोष जी ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समाज में ज्ञान, चेतना और शिक्षा के महत्व पर बहुत जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थिनियों को उच्च शिक्षा हासिल करके रौशन समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी रूप लाल रूप ने श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा लोक-समाज को उपदेश देने के लिए पूरे भारत, विशेषकर पंजाब में की गई ऐतिहासिक यात्राओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।
इससे पहले प्रिं. एकता खोसला ने मुख्य अतिथि और विशेष अतिथियों का कॉलेज पहुंचने पर स्वागत किया तथा श्री गुरु रविदास जी के दर्शन को आम लोगों और नौजवान पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर सचिव जिला रेड क्रॉस सोसायटी सुरजीत लाल, प्रो. कुलजीत कौर और अन्य हस्तियां भी मौजूद थी।


