
एनआईटी जालंधर में जीएसटी और एमएसएमई एवं उद्यमिता पर इसके प्रभाव को लेकर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित

नई दिल्ली के सहयोग से **‘जीएसटी व्यवस्था: पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में एमएसएमई, स्टार्ट-अप और उद्यमिता पर प्रभाव’** विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 26-27 नवंबर, 2026 को किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर के आंकड़ों से आगे बढ़कर यह समझना था कि ‘एक राष्ट्र, एक कर’ व्यवस्था तीनों राज्यों की क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं, राज्य-विशिष्ट नीतियों और उद्यमशीलता की संस्कृति को किस प्रकार प्रभावित करती है। सम्मेलन में हुई चर्चाओं के निष्कर्षों को एक नीतिगत दस्तावेज के रूप में संकलित किया जाएगा, जिसमें जीएसटी परिषद और राज्य सरकारों के लिए सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।
डॉ. गौरव कुमार, सम्मेलन अध्यक्ष एवं सहायक प्रोफेसर, मानविकी एवं प्रबंधन विभाग ने गणमान्य अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा सम्मेलन की विषयवस्तु से परिचित करवाया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में जीएसटी के एमएसएमई, स्टार्ट-अप और उद्यमिता पर प्रभाव का अध्ययन किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि श्री रमेश कुमार, आईआरएस, आयुक्त, केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी), जालंधर ने मुख्य वक्तव्य दिया। उन्होंने कौटिल्य के अर्थशास्त्र में वर्णित कराधान की अवधारणा का उल्लेख करते हुए बताया कि राजा को नागरिकों से कर उसी प्रकार लेना चाहिए, जैसे मधुमक्खी फूलों से शहद एकत्र करती है। उन्होंने कहा कि हमेशा से यह महत्वपूर्ण प्रश्न रहा है कि सरकार समाज के हितों की रक्षा करते हुए कितना कर संग्रह करे। उन्होंने बताया कि जीएसटी ने पूर्ववर्ती कर व्यवस्था में करों के बार-बार लगने की समस्या को दूर किया है तथा वस्तुओं की उपयोगिता के आधार पर एचएसएन वर्गीकरण और विभिन्न कर दरें निर्धारित की गई हैं। उन्होंने जीएसटी व्यवस्था के अंतर्गत एमएसएमई को मिलने वाली सुविधाओं, जैसे पंजीकरण सीमा और कंपोजिशन स्कीम, के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार बजट प्रक्रिया के दौरान छोटे व्यवसायों की समस्याओं और चिंताओं की समीक्षा करती है। विकसित भारत के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने संस्थानों से विद्यार्थियों को उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रो. बिनोद कुमार कनौजिया, निदेशक, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जालंधर ने प्रतिभागियों से नीतिगत ढांचे से आगे बढ़कर आलोचनात्मक सोच के साथ यह समझने का आग्रह किया कि भारत उद्यमिता को बढ़ावा देने के मामले में कुछ अन्य देशों से पीछे क्यों है। उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र हैं और प्रत्येक नीति को अर्थव्यवस्था के विकास तथा विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देना चाहिए।
प्रो. रोहित मेहरा, डीन (अनुसंधान एवं परामर्श) ने नए जीएसटी शासन के अंतर्गत हालिया सुधारों के संदर्भ में सम्मेलन के विषय की प्रासंगिकता तथा इस विषय पर केंद्रित अकादमिक चर्चा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। डॉ. जगविंदर सिंह, विभागाध्यक्ष, मानविकी एवं प्रबंधन विभाग ने बताया कि वर्ष 2017 में लागू जीएसटी ने कई अप्रत्यक्ष करों को एकीकृत कर एक समान कर संरचना स्थापित की, जिससे पारदर्शिता बढ़ी, कर प्रणाली सरल हुई और एक साझा राष्ट्रीय बाजार का निर्माण हुआ।
सम्मेलन के विशिष्ट अतिथियों सरदार गुरबक्स सिंह जुनेजा, संस्थापक, करतार वाल्व्स प्राइवेट लिमिटेड; एस. गुरशरण सिंह, संस्थापक, गरग्रिप इंडस्ट्रीज; श्री राकेश बेहल, अध्यक्ष, जालंधर रबर गुड्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन एवं प्रोपराइटर, बेहल पॉलिमर्स; श्री शल्या गुप्ता, प्रबंध निदेशक, क्रेडिफिन लिमिटेड; तथा श्री अश्वनी कुमार, पार्टनर एवं निदेशक, विक्टर फोर्जिंग्स ने उद्योग, व्यापार और कर व्यवहार से जुड़े अपने अनुभव एवं विचार साझा किए।
उद्घाटन सत्र का समापन सम्मेलन की सह-अध्यक्ष प्रो. सोनिया चावला द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करने के साथ हुआ।
उद्घाटन सत्र के बाद प्रो. सोनिया चावला, सह-अध्यक्ष एवं प्रोफेसर, मानविकी एवं प्रबंधन विभाग की अध्यक्षता में पैनल चर्चा आयोजित की गई। उन्होंने जीएसटी को विकास के साधन के रूप में, जीएसटी अनुपालन में डिजिटल विभाजन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं ऑटोमेशन की भूमिका तथा पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के स्टार्ट-अप एवं उद्यमिता क्षेत्र में योगदान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। विशिष्ट अतिथि एस. गुरबक्स सिंह जुनेजा और श्री शल्या गुप्ता ने कम एवं तर्कसंगत कर दरों, जीएसटी लागू होने की स्थिति को लेकर स्पष्टता, छोटे व्यवसायों के लिए सरल अनुपालन प्रक्रिया तथा लिपिकीय त्रुटियों के मामले में करदाताओं को राहत देने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. जगविंदर सिंह ने सत्र का समापन करते हुए कहा कि करों के युक्तिकरण के तहत पहले की 28 प्रतिशत तक की कर दरों को घटाकर 5 से 18 प्रतिशत के दायरे में लाया गया है। उन्होंने कहा कि रिफंड में देरी और अनुपालन संबंधी जुर्माने जैसे मुद्दों पर अभी भी ध्यान देने की आवश्यकता है।
दोपहर के सत्र में दो समानांतर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और केरल के प्रतिष्ठित संस्थानों से आए प्रतिनिधियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। शोध पत्रों में जीएसटी 2.0 सुधार, एमएसएमई की प्रतिस्पर्धात्मकता, डिजिटल अनुपालन और जीएसटी के क्षेत्रीय प्रभाव जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इन सत्रों की अध्यक्षता डॉ. सुरेंद्र राव कोमेरा, आईआईएम अमृतसर एवं डॉ. राधाकृष्ण जी.एस., एनआईटी जालंधर तथा डॉ. अंजू सिंगला, पीईसी चंडीगढ़ एवं डॉ. ज्ञान प्रकाश, एनआईटी जालंधर ने की।
इस अवसर पर प्रो. रमन बेदी, डीन अकादमिक; डॉ. अनिश सचदेवा, रजिस्ट्रार; मानविकी एवं प्रबंधन विभाग के संकाय सदस्य, शोधार्थी तथा संस्थान के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।



