अमेरिका: अमेरिका में भयानक विमान हादसा हुआ है, जिसमें 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मिसौरी में बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास स्थानीय समय के अनुसार रविवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोग स्काई डाइवर्स थे, जो स्काईडाइविंग के लिए आसमान में जा रहे थे कि अचानक उनका प्लेन क्रैश होकर नीचे सड़क किनारे खाली मैदान में गिर गया और उसमें धमाके के साथ आग लग गई, जिससे प्लेन के टुकड़े-टुकड़े हो गए।मिसौरी हाईवे पेट्रोलिंग टीम के सार्जेंट जस्टिन इविंग ने हादसे की पुष्टि की और बताया कि पैसिफिक एयरोस्पेस का पी-750 स्काई डाइविंग प्लेन क्रैश हुआ है। इमरजेंसी सर्विस को हादसे की सूचना मिली थी। हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। किसी यात्री की जान नहीं बचाई जा सकी। विमान पूरी तरह जल गया था। बटलर पुलिस डिपार्टमेंट और बेट्स काउंटी शेरिफ ऑफिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।