
असम: असम के शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, नागांव और चराईदेव जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे राज्य में अब भी 1.92 लाख लोग प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण दो और लोगों की मौत होने के बाद इस आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि असम के आठ जिलों में बृहस्पतिवार को दो लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे। हालांकि, अब स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन शिवसागर की दिखो नदी और गोलाघाट के नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी अभी भी गंभीर बाढ़ की स्थिति में हैं। अधिकारियों ने लोगों से इन इलाकों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि करीब 13,000 लोगों को 54 राहत शिविरों में रखा गया है। इसके अलावा 26 राहत वितरण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां 5,384 लोगों को सहायता दी जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि इस साल बाढ़ में शिवसागर और चराईदेव जिलों में एक-एक और मौत की पुष्टि हुई है, जिससे मृतकों की संख्या 82 हो गई है। बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 1,92,799 है। चराईदेव सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 77,456 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद शिवसागर में 63,492 और जोरहाट में 34,067 लोग इस आपदा से प्रभावित हैं।