
इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया

बाथू, ऊना: इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू में राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विभाग द्वारा किया गया, जिसमें विभाग के लगभग 120 विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा इंजीनियरिंग के महत्व, तकनीकी नवाचार तथा समाज के विकास में इंजीनियरों की भूमिका को दर्शाने वाली स्किट, भाषण प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के माध्यम से इंजीनियरिंग क्षेत्र की उपयोगिता एवं वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा की बढ़ती आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. एवं डॉ. जे. एस. राणा, डीन, CSE एवं रजिस्ट्रार, इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला तथा इंजीनियरिंग के क्षेत्र में निरंतर सीखने, नवाचार करने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इंजीनियर केवल तकनीकी समस्याओं का समाधान करने वाले पेशेवर नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र के विकास और प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के साथ स्वयं को अपडेट रखने, क्रिएटिव थिंकिंग, रिसर्च, इनोवेशन एवं समस्या-समाधान कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के इंजीनियर और राष्ट्र निर्माता हैं तथा उन्हें अपनी तकनीकी क्षमता का उपयोग समाज एवं देश के विकास के लिए करना चाहिए।कार्यक्रम में CSE विभाग के फैकल्टी सदस्यों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक बनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में इंजीनियरिंग के प्रति रुचि, तकनीकी जागरूकता, नवाचार की भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना रहा।राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा और उन्होंने इंजीनियरिंग के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में इंजीनियरों की भूमिका को बेहतर ढंग से समझा।



