दिल्ली:एप्पल के सीईओ टिम कुक ने अपने पद से हटने का फैसला किया है। वे अब कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनेंगे। उनकी जगह जॉन टर्नस 1 सितंबर 2026 से एप्पल के नए सीईओ होंगे। टिम कुक के नेतृत्व में एप्पल की मार्केट वैल्यू 350 अरब डॉलर से बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है।दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार एप्पल से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने 21 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि टिम कुक अब एप्पल के सीईओ का पद छोड़ रहे हैं। हालांकि, वे कंपनी से पूरी तरह अलग नहीं हो रहे हैं, बल्कि वे अब एप्पल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। टिम कुक की जगह लेने के लिए कंपनी ने जॉन टर्नस को चुना है, जो फिलहाल हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम कर रहे हैं। जॉन टर्नस 1 सितंबर 2026 से एप्पल के नए सीईओ के रूप में अपना कार्यभार संभालेंगे। एप्पल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, टिम कुक इस साल गर्मी के मौसम तक सीईओ के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। इस दौरान वे जॉन टर्नस के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि नेतृत्व परिवर्तन की यह प्रक्रिया बहुत ही आसान और बेहतर तरीके से पूरी हो सके। 65 साल के टिम कुक ने इस मौके पर कहा कि एप्पल का सीईओ होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे एप्पल से बहुत प्यार करते हैं और उन्हें एक ऐसी शानदार टीम के साथ काम करने का मौका मिला, जिसमें दुनिया के सबसे क्रिएटिव और मेहनती लोग शामिल हैं। कुक ने अपनी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण की वजह से ही एप्पल ग्राहकों के जीवन को बेहतर बनाने वाले प्रोडक्ट्स बना सकी है।टिम कुक ने अपने उत्तराधिकारी जॉन टर्नस की खूबियों के बारे में बताते हुए कहा कि जॉन के पास एक इंजीनियर का तेज दिमाग और एक इनोवेटर की आत्मा है। उनके पास ईमानदारी और सम्मान के साथ नेतृत्व करने का जज्बा है। जॉन पिछले 25 सालों से एप्पल के साथ जुड़े हुए हैं और कंपनी के विकास में उनके योगदान अनगिनत हैं। कुक ने साफ किया कि जॉन टर्नस ही वो सही व्यक्ति हैं जो एप्पल को भविष्य में नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं। जॉन ने साल 2001 में एप्पल की प्रोडक्ट डिजाइन टीम को जॉइन किया था और तब से वे कंपनी के अहम पदों पर रहकर कई बड़े बदलावों का हिस्सा रहे हैं।