
जालंधर, 25 मई : होनहार क्रिकेट खिलाड़ी कृष भगत का आज जालंधर स्थित अपने निवास पर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों, इलाका निवासियों और क्रिकेट प्रेमियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस मौके पर पंजाब के बागबानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत (जो रिश्ते में कृष भगत के ताया जी है) ने कहा कि कृष भगत ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से पंजाब और देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि कृष ने न केवल जालंधर का गौरव बढ़ाया है, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बने है कि सख्त मेहनत से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।
कैबिनेट मंत्री ने कृष को आशीर्वाद देते हुए बधाई दी कि उन्हें आईपीएल में मुंबई इंडियंस और विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिला। उन्होंने कृष भगत का मनोबल बढ़ाते हुए आशा व्यक्त की कि वह दिन दूर नहीं जब वह भारतीय टीम में खेलते नजर आएंगे।
उन्होंने इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अलावा विभिन्न अकादमियों और कोचों का विशेष तौर पर धन्यवाद किया, जिन्होंने खिलाड़ी को इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस मौके पर कृष भगत के दादा और पूर्व मंत्री चुन्नी लाल भगत, पिता अश्वनी भगत, माता मनू भगत के अलावा अतुल भगत, चंदन भगत, वरुण भगत, सुमेश, ईशा भगत, प्रगति भगत, जागृति भगत, लक्ष भगत और अन्य परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने सूबे में खेल संस्कृति पैदा की है। उन्होंने कहा कि मान सरकार के कारण पंजाब में शीर्ष खिलाड़ियों को उचित सम्मान दिया जा रहा है।