Sliderपंजाब

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर पवन टीनू का केंद्र सरकार पर हमला

जालंधर, 25 मई

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता, वरिष्ठ प्रवक्ता, और आदमपुर के हलका इंचार्ज पवन टीनू ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां किसानों, पंजाब और आम जनता के विरुद्ध हैं, जिसके कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है और आम आदमी की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा है। इस मौके पर जिला प्रधान अमृतपाल सिंह और तरणदीप सिंह भी मौजूद रहे।

पवन टीनू ने कहा कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी पर भी बड़े-बड़े प्रदर्शन किए जाते थे, लेकिन अब लगातार दाम बढ़ने के बावजूद भाजपा नेताओं की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि पिछले दस दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से महंगाई चरम पर पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रोजमर्रा की जरूरतों का सामान लगातार महंगा हो रहा है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि अर्थव्यवस्था की हालत खराब है। मोदी जी को हाथ उठाकर कहना चाहिए, “महंगाई को कंट्रोल करने के लिए ताली और थाली बजाओ।”

पवन टीनू ने कहा कि जून महीने में धान की बिजाई शुरू होने जा रही है और इस दौरान किसानों को सबसे ज्यादा डीजल की जरूरत पड़ती है। डीजल की कीमतें बढ़ने से खेती की लागत में भारी इजाफा होगा, जिसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आर्थिक मंदी और नुकसान की मार झेल रहे हैं, ऐसे में ईंधन के बढ़ते दाम उनके लिए नई परेशानी बन गए हैं।

उन्होंने भाजपा नेताओं रवनीत बिट्टू, अश्वनी शर्मा और सुनील जाखड़ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले ये नेता हर मुद्दे पर बयान देते थे, लेकिन जैसे ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने शुरू हुए, इनके मुंह से एक शब्द तक नहीं निकला। महंगाई जैसे गंभीर मुद्दे पर भाजपा नेताओं की चुप्पी जनता सब देख रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार ने महंगाई का बोझ जनता पर डाल दिया। भाजपा को लगता है कि देश का आम वर्ग उसकी जेब में है और वह जनता पर किसी भी तरह का आर्थिक बोझ डाल सकती है। उन्होंने कहा कि बड़े घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए भाजपा हर हथकंडा अपना रही है, जबकि आम जनता लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रही है।

पवन टीनू ने कहा कि 26 मई को पंजाब में नगर निगम, नगर कौंसिल और नगर पंचायतों के चुनाव होने जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनता इस चुनाव में भाजपा को करारा जवाब दे और महंगाई तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना लोकतांत्रिक फैसला सुनाए।

Related Articles

Back to top button