दिल्ली: पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया एक बार फिर आतंकी हिंसा से दहल उठा है। देश के पूर्वोत्तर राज्य अदमावा के एक सुदूर गांव पर इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने भीषण हमला किया है। सामने आई आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस कायराना हमले में कम से कम 29 निर्दोष लोगों की जान चली गई है। अदमावा राज्य के अधिकारियों के मुताबिक यह हमला रविवार देर रात गोम्बी स्थानीय प्रशासनिक क्षेत्र के गुयाकू गांव में हुआ। जब ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे तभी आधुनिक हथियारों से लैस आतंकियों ने गांव को चारों तरफ से घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक संदेश जारी कर आधिकारिक तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं गवर्नर ने इस हमले को ‘दुखद और पूरी तरह से अस्वीकार्य’ बताया। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना कायरता की पराकाष्ठा है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सेना को आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।