
जालंधर कैंट। कल रात्रि जालंधर कैंट के सदर बाजार स्थित बजरंग भवन में आयोजित बैठक के दौरान अमित तनेजा ने कैंट के सम्मानित निवासियों एवं व्यापारियों से आत्मीय भेंट की और उनके द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को विस्तारपूर्वक सुना।
बैठक में विशेष रूप से जालंधर कैंट में विभिन्न सड़कों एवं रास्तों की बंदी, चेक पोस्ट एवं बैरियर पर आम नागरिकों को होने वाली परेशानी, रात्रि के समय आवागमन में आने वाली कठिनाइयों तथा स्थानीय दुकानदारों एवं ग्राहकों को पेश आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित ज्ञापन में गुरु नानक रोड, सुभाष रोड, शिवाजी रोड और अकाली फूला सिंह रोड सहित विभिन्न मार्गों की बंदी का विषय भी उठाया गया है।
इस अवसर पर अमित तनेजा ने कहा कि स्थानीय निवासियों और व्यापारियों द्वारा उठाई गई शिकायतें पूरी तरह वास्तविक एवं गंभीर हैं और इनमें से अनेक समस्याएँ लंबे समय से लंबित चली आ रही हैं। इन समस्याओं के कारण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और सामान्य आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक को अपने ही शहर में रोजमर्रा के आवागमन के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए। संविधान के अनुच्छेद 19(1)(d) के तहत आवागमन की स्वतंत्रता से संबंधित विषय भी प्रस्तुत ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया है।
अमित तनेजा ने कहा, “मेरा स्पष्ट मानना है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जितनी संवेदनशीलता, गंभीरता और निरंतरता के साथ प्रयास होने चाहिए थे, शायद उतने नहीं हुए। जब कोई समस्या वर्षों तक बनी रहती है तो उसका प्रभाव केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सामाजिक एवं व्यावसायिक जीवन पर पड़ता है।”
उन्होंने कहा कि सुरक्षा निश्चित रूप से सर्वोपरि है और सुरक्षा व्यवस्था का पूरा सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसके साथ-साथ ऐसी व्यावहारिक व्यवस्था बनाने का प्रयास भी होना चाहिए जिससे सामान्य नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों और ग्राहकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
अमित तनेजा ने बताया कि रक्षा मंत्रालय की सड़क बंद करने संबंधी प्रक्रिया का विषय भी निवासियों द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में विस्तार से उठाया गया है, जिसमें सार्वजनिक सूचना, आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित करने और निर्धारित प्रक्रिया के पालन का उल्लेख है।
उन्होंने कहा, “मैं जालंधर कैंट के अपने सभी सम्मानित निवासियों और व्यापारी भाइयों को विश्वास दिलाता हूँ कि उनकी समस्याओं को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इन विषयों को संबंधित अधिकारियों एवं उचित स्तर पर पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा और संवाद एवं समन्वय के माध्यम से इनका व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान निकालने का हरसंभव प्रयास करूंगा।”
अमित तनेजा ने कहा कि जालंधर कैंट के लोगों की सुविधा और उनके हित से जुड़े विषयों पर वे पूरी ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। “लोगों की समस्या मेरी अपनी समस्या है। मेरा प्रयास टकराव नहीं, समाधान है और जहां भी आवश्यकता होगी, जालंधर कैंट के लोगों की आवाज मजबूती से संबंधित स्तर तक पहुंचाई जाएगी।