जालंधर, 14 जुलाई 2026: सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत पटेल हॉस्पिटल, जालंधर ने ईएसआईसी हॉस्पिटल, जालंधर को एक वॉटर कूलर एवं इंटीग्रेटेड वॉटर प्यूरीफायर भेंट किया। इस पहल का उद्देश्य मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल स्टाफ तथा आगंतुकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर डॉ. ज्योति शर्मा, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, ईएसआईसी हॉस्पिटल, डॉ. गगनदीप सिंह, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO), ईएसआईसी हॉस्पिटल, श्री रविंदर सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (CAO), पटेल हॉस्पिटल, श्री दीपेंद्र सिंह तोमर, महाप्रबंधक – मार्केटिंग एवं आउटरीच, तथा श्री रोहित मल्होत्रा, प्रबंधक – मार्केटिंग एवं आउटरीच उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्री दीपेंद्र सिंह तोमर ने कहा, “पटेल हॉस्पिटल हमेशा स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक सेवा के लिए भी प्रतिबद्ध रहा है। स्वच्छ पेयजल जैसी छोटी पहल भी मरीजों और आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। भविष्य में भी हम इसी प्रकार समाजहित के कार्य करते रहेंगे।”

डॉ. ज्योति शर्मा ने इस सहयोग के लिए पटेल हॉस्पिटल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा मरीजों, उनके परिजनों एवं आगंतुकों के लिए सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। डॉ. गगनदीप सिंह ने भी इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग के लिए पटेल हॉस्पिटल का धन्यवाद किया।

पिछले 50 वर्षों से उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा पटेल हॉस्पिटल स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, निःशुल्क चिकित्सा शिविरों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभिन्न सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहलों के माध्यम से समाज की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत है।