
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे और इस दौरान वह वाराणसी में महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा अपने संसदीय क्षेत्र में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बुधवार को मोदी हरदोई जाएंगे, जहां वह गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री 1,050 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरी हुई 48 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और करीब 5,300 करोड़ रुपये की लागत वाली 112 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। जिनमें वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर में रेल ओवर ब्रिज तथा भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाला मलजल उपचार संयंत्र प्रमुख हैं। उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करने के लिए मोदी दो नयी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों-वाराणसी से पुणे (हडपसर) और अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाएंगे। बयान में कहा गया कि इस पहल से राज्य के तीर्थयात्रियों, विद्यार्थियों, प्रवासी मजदूरों और छोटे व्यापारियों को खासा फायदा होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख धार्मिक स्थल वाराणसी और अयोध्या हर साल लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों से बेहतर रेल संपर्क से पर्यटन को बढ़ावा मिलने, लोगों की यात्रा आसान होने और इन क्षेत्रों से जुड़ी आजीविका को मजबूती मिलने की उम्मीद है।