
भोगपुर: दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा श्री राम मन्दिर जंजघर, भोगपुर में 30 अप्रैल से 3 मई 2026 तक शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक होगी। श्री शिव कथा का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है। इस पावन आयोजन के उपलक्ष्य में आज कथा स्थल से एक भव्य संध्या फेरी निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
संध्या फेरी की शुरुआत विधिवत पूजन-अर्चना के साथ हुई। इसके उपरांत मार्केट कमेटी के चेयरमैन श्री बरकत राम ने नारियल फोड़कर यात्रा को शुभारंभ करवाया। यात्रा में श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए, भजन-कीर्तन करते हुए एवं शिव भक्ति में लीन होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरे। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बन गया।
यात्रा के दौरान भक्ति संगीत ने सभी का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए क्षेत्र में धर्म और आस्था का संदेश प्रसारित किया। इस अवसर पर संगत में विशेष जोश और उल्लास देखने को मिला।
इस अवसर पर साध्वी पल्लवी भारती जी ने बताया कि 30 अप्रैल से प्रारंभ होने वाली श्री शिव कथा में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की दिव्य लीलाओं, उनके आदर्श जीवन एवं आध्यात्मिक संदेशों का गहन ज्ञान प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह कथा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने का एक माध्यम भी है।
उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार सहित इस पावन कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें और अपने जीवन को सुख, शांति एवं समृद्धि से भरें।
साध्वी जी ने बताया कि कथा व्यास साध्वी मेधावी भारती अपनी ओजस्वी वाणी से भगवान शिव की लीलाओं का व्याख्यान करेंगी। और भजन कीर्तन भी किया जाएगा। जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होगी।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगा, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे एवं सद्भावना को भी बढ़ावा देगा। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा समय-समय पर ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज को एक सकारात्मक दिशा प्रदान करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।इस अवसर पर साध्वी शशिप्रभा भारती जी, साध्वी वसुधा भारती जी, इंद्रजीत मेहता, संजीव अग्रवाल, योगेश अरोड़ा, विशाल बहल, विशाल अग्रवाल आदि उपस्थित थे।