
श्रीमती सुषमा पाल बर्लिया जी के मार्गदर्शन तथा डॉ. नेहा बर्लिया जी के नेतृत्व में एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन को ब्रिटिश काउंसिल द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए ‘रिकॉग्निशन ऑफ डाइमेंशन्स इन स्कूल्स’ (RIDS) परियोजना हेतु चयनित किया गया है।
इस एक वर्षीय अंतरराष्ट्रीय पहल के अंतर्गत विद्यालय ने कुल सात सहयोगी परियोजनाएँ आरंभ की हैं, जिनमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ चार अंतर-राज्यीय परियोजनाएँ तथा विश्व के विभिन्न देशों के साझेदार विद्यालयों के साथ तीन अंतरराष्ट्रीय सहयोगी परियोजनाएँ शामिल हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैश्विक नागरिकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा सहयोगात्मक अधिगम को प्रोत्साहित करना है।
इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए, एपीजे स्कूल, मॉडल टाउन के कक्षा प्रथम से पांचवी तक के विद्यार्थियों ने पूर्वी अफ्रीका के बुरुंडी स्थित क्यूबाहिरो इंटरनेशनल स्कूल के साथ एक समृद्ध वर्चुअल एक्सचेंज कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया। “एक दुनिया, एक आकाश – एकता के धागे” शीर्षक वाले इस सहयोगी प्रोजेक्ट ने दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जुड़ने, संवाद करने और एक-दूसरे से सीखने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में ऑनलाइन संवाद, पावरपॉइंट प्रस्तुतियाँ, इंटरएक्टिव सत्रों तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान गतिविधियों के माध्यम से उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। इससे विद्यार्थियों को एक-दूसरे की परंपराओं, जीवन शैली और दृष्टिकोणों को गहराई से समझने का अवसर प्राप्त हुआ। यह पहल अंतरराष्ट्रीय समझ को बढ़ावा देने और युवा शिक्षार्थियों में वैश्विक संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई। एपीजे स्कूल मॉडल टाउन के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश चंदेल के प्रेरणादायक मार्गदर्शन एवं सतत सहयोग में RIDS टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है
इस परियोजना का सफल समन्वय श्रीमती मनिंदर कौर एवं श्रीमती मीता द्वारा किया गया, जबकि इसके शैक्षणिक क्रियान्वयन एवं नेतृत्व का दायित्व श्रीमती निधि, श्रीमती वरिंदर तथा श्रीमती पल्लवी ने कुशलतापूर्वक निभाया। उनके समर्पित प्रयासों ने इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सुचारू रूप से संचालित करने और इसकी सफलता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय अपने विद्यार्थियों के लिए वैश्विक अधिगम के अवसर सृजित करने तथा नवाचारपूर्ण शैक्षिक पद्धतियों के माध्यम से जिम्मेदार वैश्विक नागरिकों के निर्माण के अपने संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है।