
चंडीगढ़, 10 जून
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा देश की सेवा करते हुए 12 वर्षों का सफल कार्यकाल पूरा होने के ऐतिहासिक अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए।
इस दौरान उन्होंने गुरु चरणों में धन्यवाद स्वरूप अरदास करवाई तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, देश, पंजाब और भारतीय जनता पार्टी की चढ़दी कला एवं प्रगति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि देशभर में हाईवे, एक्सप्रेस-वे और हवाई अड्डों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ-साथ ‘वंदे भारत’ जैसी अत्याधुनिक और तेज गति वाली ट्रेनों की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि आज भारत डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में दुनिया का अग्रणी देश बन चुका है। गांव-गांव तक इंटरनेट और डिजिटल सेवाएं पहुंचाकर आम लोगों का जीवन अधिक सुविधाजनक बनाया गया है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का निर्माण करवाया, लंगर को जीएसटी से मुक्त किया तथा 1984 के सिख नरसंहार से जुड़े बंद मामलों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। इसके परिणामस्वरूप कई प्रमुख दोषियों को सजा मिली। इसके अतिरिक्त पीड़ित परिवारों को 5 – 5 लाख रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत की गई।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व देश और विदेश में सरकारी स्तर पर अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है, सीमाओं को अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाया गया है तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प के तहत रक्षा क्षेत्र में देश के भीतर ही आधुनिक उपकरण और हथियार तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज विश्व मंच पर भारत की आवाज को गंभीरता से सुना जाता है और देश विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है।
अंत में केवल सिंह ढिल्लों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सक्षम नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारत विकास के नए मानदंड स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पंजाब भी विकास, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ेगा तथा प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।