

दिल्ली: राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म रैपिडो पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने गलत व्यापार तौर-तरीकों, भ्रामक विज्ञापनों, अनुचित अनुबंध शर्तों और “राइड कन्फर्म होने से पहले राइडर्स को ज्यादा पैसे देने के लिए उकसाने वाले डार्क पैटर्न” के इस्तेमाल के लिए यह कार्रवाई की।रैपिडो चलाने वाली कंपनी रोपेन ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ यह कार्रवाई भारत में कैब और बाइक-टैक्सी एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स की पूरे सेक्टर में की गई जांच के बाद की गई है। यह जांच प्री-राइड टिपिंग और डायनामिक प्राइसिंग से जुड़े तौर-तरीकों पर केंद्रित थी। रिपोर्ट के अनुसार CCPA ने उबर, ओला, रैपिडो और नम्मा यात्री को नोटिस भी जारी किए हैं जिनमें उन्हें ‘डार्क पैटर्न की रोकथाम और विनियमन के लिए दिशानिर्देश, 2023’ का पालन करने का निर्देश दिया गया है। डार्क पैटर्न का मतलब ऐसे भ्रामक यूजर-इंटरफेस डिजाइन से है जो उपभोक्ताओं को ऐसे विकल्प चुनने के लिए हेरफेर करते हैं या गुमराह करते हैं जो वे शायद नहीं चुनते। विभिन्न प्लेटफॉर्म्स की जांच के दौरान, अथॉरिटी ने पाया कि “रैपिडो ऐप राइडर की बुकिंग प्रोसेस होने के दौरान ‘कीमत जितनी ज्यादा होगी, राइड मिलने की संभावना उतनी ही ज्यादा होगी’ और ‘कैप्टन 60 रुपए में राइड स्वीकार नहीं कर रहे हैं। +10, +20, +30 जोड़ने का प्रयास करें’ जैसे प्रॉम्प्ट दिखाता था”।


