
प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार के प्रेरणादायी नेतृत्व तथा विभागाध्यक्ष प्रो. मोनिश अरोड़ा के कुशल मार्गदर्शन में, डी.ए.वी. कॉलेज, जालंधर के गणित विभाग ने डी.बी.टी. स्टार कॉलेज योजना के अंतर्गत संस्थागत नवाचार परिषद् (IIC) के सहयोग से ‘विश्व रचनात्मकता एवं नवाचार दिवस’ का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक चिंतन विकसित करना, नवीन विचारों की खोज के लिए प्रेरित करना तथा डिजिट्ल माध्यमों के द्वारा अपनी कल्पनाशीलता को अभिव्यक्त करने हेतु प्रोत्साहित करना था। इस आयोजन के अंतर्गत विद्यार्थियों ने दो प्रमुख श्रेणियों में भाग लिया— ‘लघु रील निर्माण’ तथा ‘पोस्टर निर्माण’। रील निर्माण के विषयों में “2050 में जीवन का एक दिन” और “भारत में जुगाड़ आधारित नवाचार” सम्मिलित थे, जबकि पोस्टर निर्माण के विषय “दैनिक जीवन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)” तथा “वास्तविक जीवन की समस्याओं हेतु रचनात्मक समाधान” पर केंद्रित रहे।
‘बंसी लाल गणितीय सोसायटी’ के अध्यक्ष प्रो. साहिल नागपाल तथा प्रो. रंजीता गुगलानी ने विद्यार्थियों को अपने विचारों को गहराई से विकसित करने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया अत्यंत उत्साहवर्धक रही तथा उन्होंने प्रतियोगिताओं में सक्रिय सहभागिता की। प्रस्तुत प्रविष्टियों में कल्पनाशीलता की व्यापक विविधता देखने को मिली—भविष्य की जीवनशैली और ‘स्मार्ट नगरों’ की अवधारणाओं से लेकर दैनिक समस्याओं के व्यावहारिक एवं कम लागत वाले समाधानों तक। अनेक प्रतिभागियों ने प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा सरल स्वदेशी नवाचार शिक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक जीवन को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने में सहायक हो सकते हैं।
प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. आशु बहल तथा प्रो. जसमीन कौर सम्मिलित थीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की मौलिकता, स्पष्टता एवं प्रस्तुति कौशल की प्रशंसा की। विजेता प्रविष्टियाँ अपने प्रभावशाली विचारों, रचनात्मकता तथा आधुनिक समय की चुनौतियों के अनुरूप प्रासंगिकता के कारण विशेष रूप से उल्लेखनीय रहीं।
एक विशेष पुरस्कार वितरण समारोह में प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार, डिप्टी रजिस्ट्रार प्रो. मनीष खन्ना, आई.आई.सी. के नवाचार समन्वयक प्रो. विशाल शर्मा, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ (R&D सेल) के अधिष्ठाता डॉ. शरणजीत संधू तथा डी.ए.वी. कॉलेजिएट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रभारी डॉ. रेणुका मल्होत्रा की गरिमामयी उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को उनके प्रयासों की सराहना स्वरूप ई-प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, ताकि उन्हें भविष्य में भी नवाचार संबंधी गतिविधियों में भाग लेने हेतु प्रेरणा मिलती रहे।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक कक्षा-आधारित शिक्षण से परे जाकर अपने विचारों को अभिव्यक्त करने का एक अत्यंत आकर्षक मंच सिद्ध हुआ। इसने विद्यार्थियों को सीमाओं से परे सोचने, डिजिट्ल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने तथा रचनात्मकता को वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ, जिससे विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा में नवाचार एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति की खोज निरंतर जारी रखने की प्रेरणा मिली।
विजेता इस प्रकार रहे:
रील निर्माण प्रतियोगिता
प्रथम: अभिषेक (बी.एस.सी. आईटी, सेमेस्टर-6)
द्वितीय: तरनप्रीत सिंह (कक्षा 12, नॉन मेडिकल)
तृतीय: मनरूप कौर (बी.कॉम. एफ.एस., सेमेस्टर-2)
पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता
प्रथम: मान्यता (बी.एससी. कंप्यूटर साइंस, सेमेस्टर-4)
द्वितीय: उज्ज्वल (बी.एससी. आईटी, सेमेस्टर-4)
तृतीय: प्रियंका तिवारी (बी.एससी. मेडिकल, सेमेस्टर-2)