Sliderअन्य राज्य

BPSC अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, 350 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की एकीकृत 70वीं संयुक्त (प्रारंभिक) परीक्षा 2024 में कथित तौर पर अनियमितताओं को लेकर इस इम्तिहान को रद्द किए जाने की मांग कर रहे प्रदशर्नकारियों ने गुरुवार को आयोग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। पुलिस ने 350 प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की हैं और चार लोगों को गिरफ्तार करने के अलावा 30 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने कहा कि जहां आयोग का कार्यालय स्थित है वह प्रतिबंधित क्षेत्र है और वहां किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों पर ‘कोई लाठीचार्ज’ नहीं किया गया है, लेकिन उन पर पुलिस मुख्यालय, राजभवन और मुख्यमंत्री आवास जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के करीब स्थित क्षेत्र में सड़क यातायात को बाधित करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भड़काने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और प्रतिबंधित क्षेत्र में हंगामा करने वाले 30 लोगों को हिरासत में लिया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।”

Related Articles

Back to top button