Sliderपंजाब

गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह से निकाले गए नगर कीर्तन में सुशील रिंकू हुए नतमस्तक*

*जालंधर, 22 दिसंबर 2025।* सिख इतिहास के अमर बलिदान साहिबजादों की शहादत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह, शहीद बाबू लाभ सिंह नगर से एक विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में उमड़ी संगत ने साहिबजादा बाबा अजीत सिंह जी,साहिबजादा बाबा जुझार सिंह जी व चमकौर साहिब के समूह शहीदों के शौर्य की विरासत व गुरु परंपरा को नमन किया।
इस पावन अवसर पर पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद सुशील रिंकू गुरु घर में नतमस्तक हुए और गुरु साहिब से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने साहिबजादों की शहादत को सिख इतिहास की आत्मा बताते हुए कहा कि साहिबजादों का बलिदान धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए दिया गया ऐसा अद्वितीय उदाहरण है, जो सदियों तक समाज को मार्ग दिखाता रहेगा। बहुत छोटी उम्र में उन्होंने अत्याचार के सामने झुकने के बजाय शहादत को स्वीकार किया और यही संदेश दिया कि सत्य और विश्वास के मार्ग पर चलते हुए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए। आज के समय में जब समाज नैतिक मूल्यों की चुनौतियों से गुजर रहा है, तब साहिबजादों का जीवन और उनका बलिदान हमें साहस, संयम और राष्ट्रहित में खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े होना चाहिए। ऐसी शहादतें ही हमारी सांस्कृतिक और नैतिक पहचान को मजबूत करती हैं।
नगर कीर्तन के दौरान कीर्तन, गुरु वाणी और ‘जो बोले सो निहाल’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुरु-मय वातावरण में सराबोर हो उठा। संगत की श्रद्धा और अनुशासन ने आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।
इस अवसर पर लखविंदर सिंह हीरा, इंद्रपाल सिंह, गुरविंदर सिंह (ग्रंथी), सेवादार सरदार मोहिंदर सिंह, प्रधान तरसेम लाल, सतपाल बंगोत्रा, अनिल कुमार बाला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button