लुधियाना: लुधियाना के मुंडिया कला इलाके के न्यू गुरु नानक नगर में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार करीब 11 महीने पहेल महिला की लव मैरिज हुई थी और अब उसका शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के माता-पिता देर रात थाना जमालपुर पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।मृत महिला की पहचान भावना के रूप में हुई है जिसकी शादी राहुल गोदारा से हुई थी। महिला के परिवार का कहना है कि भावना की मौत सामान्य नहीं है और उसके साथ मारपीट कर जान ली गई, जिसे बाद में आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई। भावना की मां ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बेटी का वैवाहिक जीवन ठीक नहीं चल रहा था। पति के साथ अक्सर विवाद होता था और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजनों ने दहेज को लेकर दबाव बनाने की बात भी कही है।