जालंधर : शहर के विकास कार्यों को गति देते हुए बस्ती दानिशमंदा क्षेत्र की मुख्य सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत तथा जालंधर नगर निगम के मेयर विनीत धीर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। लगभग 89 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब सरकार शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बस्ती दानिशमंदा क्षेत्र के लोग मुख्य सड़क की खराब स्थिति से परेशान थे, जिसे देखते हुए इस सड़क के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मेयर विनीत धीर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में सड़कों, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्ती दानिशमंदा की यह मुख्य सड़क बनने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी तथा लोगों को ट्रैफिक और जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने पंजाब सरकार, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत तथा नगर निगम प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण से इलाके की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है।
इस मौके पर पार्षद मनीष कारलूपिया, एडवोकेट संदीप वर्मा, वार्ड इंचार्ज कमल लोच, ब्लाक प्रधान गौरव जोशी,पार्षद पति सौरभ सेठ, एसई रजनीश डोगरा, एसडीओ हरप्रीत सिंह,जेई दविंदर कुमार,वाईस चेयरमैन पवन हंस, बलविंदर सिंह एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।