
बठिंडा: बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में वोटिंग शुरू होने से पहले ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुबह करीब 5 बजे फायरिंग की घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आजाद उम्मीदवार ने सत्ताधारी पार्टी से जुड़े लोगों पर पैसे बांटने और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।आरोप है कि वार्ड में कथित तौर पर वोट खरीदने के लिए पैसे बांटे जा रहे थे। जब आजाद उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने इसका विरोध किया तो मौके पर मौजूद लोगों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मामले की सूचना मिलते ही बठिंडा शहरी विधायक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।