
प्रोग्रेसिव डेंटल सोसायटी की ‘पाठशाला’ में न्यूरोसर्जरी के नवीन आयामों पर होगा विशेष व्याख्यान

जालंधर, 12 जून। प्रोग्रेसिव डेंटल सोसायटी (PDS) द्वारा आयोजित शैक्षणिक कार्यक्रम ‘पाठशाला’ के अंतर्गत 14 जून 2026 को एक विशेष अकादमिक सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम स्थानीय होटल में होगा, जिसमें देश की प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. विभा गाओणकर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी।
कार्यक्रम का विषय “Beyond Medicines: Neurosurgical Management of Trigeminal Neuralgia” रखा गया है। इस व्याख्यान में डॉ. गाओणकर ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया जैसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्या के आधुनिक न्यूरोसर्जिकल उपचार और नवीन तकनीकों पर प्रकाश डालेंगी।
डॉ. विभा गाओणकर एक प्रख्यात फंक्शनल न्यूरोसर्जन, एपिलेप्सी सर्जन एवं पेन स्पेशलिस्ट हैं। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली सहित प्रतिष्ठित संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा डलहौज़ी यूनिवर्सिटी, कनाडा से विशेष फेलोशिप भी की है। वे वर्तमान में INSS Neuro Clinics की सह-संस्थापक एवं सीईओ हैं तथा डीप ब्रेन स्टिम्युलेशन, न्यूरोमॉड्यूलेशन और दर्द प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम के अनुसार पंजीकरण एवं उद्घाटन सत्र शाम 4:30 बजे से 5:00 बजे तक होगा, जबकि मुख्य व्याख्यान 5:00 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत प्रतिभागियों के लिए हाई-टी की व्यवस्था भी रहेगी।
प्रोग्रेसिव डेंटल सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘पाठशाला’ एक शैक्षणिक मंच है, जिसका उद्देश्य दंत चिकित्सकों एवं युवा प्रोफेशनल्स के ज्ञानवर्धन, शोध कार्यों को प्रोत्साहन तथा व्यावसायिक कौशल विकास को बढ़ावा देना है। सोसायटी समय-समय पर विभिन्न विशेषज्ञों को आमंत्रित कर ऐसे अकादमिक कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
सोसायटी के चेयरमैन प्रो. डॉ. इंदरजीत सिंह मरवाह, अध्यक्ष प्रो. कर्नल डॉ. एच. एस. धोत, सचिव प्रो. डॉ. अंकुश पुरी तथा अन्य पदाधिकारियों ने दंत चिकित्सा समुदाय से इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।



