
जालंधर, 17 जून: अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी अमनिंदर कौर ने आज वोटर सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) संबंधी वोटर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने स्वीप गतिविधियों का जायजा लेते हुए लोगों को एस.आई.आर. प्रक्रिया के बारे में जागरूक करवाने के लिए बड़े स्तर पर जागरूकता गतिविधियां करवाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान के तहत अनाउंसमेंट, बी.एल.ओ. मीटिंगों, मॉल्स और पब्लिक पार्कों में जागरूकता मीटिंगों, सोशल मीडिया के माध्यम से संदेश, मोबाइल वैनों, लघु नाटकों समेत व्यापक जागरूकता गतिविधियां करवाई जाएं ताकि अधिक से अधिक जानकारी लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने युवा वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ई.एल.सी. क्लबों और एन.एस.एस. वॉलंटियर्स को भी जागरूकता मुहिम में शामिल करने को कहा।
उन्होंने वोटरों को एस.आई.आर. के तहत इन्यूमरेशन फॉर्म भरने के महत्व के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा वोटरों से 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाए जाएंगे।
बैठक के दौरान चुनाव तहसीलदार सुखदेव सिंह द्वारा स्वीप एक्शन प्लान साझा किया गया, जिसके तहत 24 जुलाई तक बूथ, हलका और जिला स्तर पर लगातार जागरूकता गतिविधियां करवाई जाएंगी।
बैठक में सहायक स्वीप नोडल अधिकारी डा. अशोक सहोता के अलावा हलका स्तरीय स्वीप नोडल अधिकारी भी मौजूद थे।