
*एम.एफ. फारूकीको डीजीपी पंजाब की जिम्मेदारी मिलना बेदाग ईमानदारी और लंबी सेवाओं का सम्मान है : मजहर आलम

जालंधर, 10 नवंबर: मुस्लिम संगठन पंजाब की ओर से 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एम.एफ. फारूकी को डीजीपी पंजाब नियुक्त होने पर उनके दफ्तर पीएपी पहुंचकर मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि एम.एफ. फारूकी एक अनुभवी, वरिष्ठ और कुशल आईपीएस अधिकारी हैं। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद डीजीपी पंजाब जैसे महत्वपूर्ण पद पर उनकी नियुक्ति उनके पेशेवर अनुभव, कार्यक्षमता और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि फारूकी ने अपने सेवाकाल में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाया है और उनकी नई जिम्मेदारी से पंजाब पुलिस को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
एडवोकेट नईम खान ने आशा व्यक्त की कि एम.एफ. फारूकी के नेतृत्व में पंजाब पुलिस आम जनता के हितों की रक्षा, कानून के शासन को कायम रखने, निष्पक्ष पुलिस व्यवस्था तथा राज्य में सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा और न्याय का विश्वास कायम करना है।
वहीं, संगठन के महासचिव मजहर आलम मजाहिरी ने एम.एफ. फारूकी को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें डीजीपी पंजाब जैसे सर्वोच्च पद की जिम्मेदारी मिलना उनकी बेदाग ईमानदारी, साफ-सुथरी कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि फारूकी साहब ने अपने लंबे सेवाकाल में अपनी ईमानदारी और पेशेवर प्रतिबद्धता के दम पर एक अलग पहचान बनाई है। डीजीपी के पद पर उनकी पदोन्नति उनकी इसी छवि और वर्षों की मेहनत का महत्वपूर्ण सम्मान है।
मजहर आलम ने कहा कि किसी भी अधिकारी के लिए सबसे बड़ी पूंजी उसकी ईमानदारी, निष्पक्षता और जनता का विश्वास होता है। एम.एफ. फारूकी ने अपनी कार्यशैली से जो पहचान बनाई है, वह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डीजीपी के रूप में भी फारूकी साहब इसी ईमानदारी, निष्पक्षता और जनसेवा की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
कैप्शन
डीजीपी पंजाब बनने पर मुबारकबाद देते हुए मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान व संगठन के महासचिव मजहर आलम



