
जालंधर
नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) महिला मंच, जालंधर द्वारा अध्यक्ष डॉ. रीना कक्कड़ के नेतृत्व में मोलोय डायग्नोस्टिक्स के सहयोग से स्थानीय होटल में स्तन कैंसर जागरूकता विषय पर एक सीएमई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिला चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं नीमा महिला मंच की सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर नीमा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. परविंदर बजाज, नीमा महिला मंच पंजाब की अध्यक्ष डॉ. वीणा गुर्जर, डॉ. विशाल भनोट, अनिल नागरथ, डॉ. विपुल कक्कड़, डॉ. राजीव धवन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. अमिता सेनी ने “स्तन कैंसर: जागरूकता, बचाव एवं शीघ्र पहचान” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे सामान्य कैंसरों में से एक है। उन्होंने महिलाओं से नियमित सेल्फ ब्रेस्ट एग्जामिनेशन, समय-समय पर चिकित्सकीय जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और समय पर स्क्रीनिंग ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान होने पर इसका उपचार संभव है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रीना कक्कड़ ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान लगातार नई तकनीकों के साथ विकसित हो रहा है, इसलिए चिकित्सकों को नवीनतम स्वास्थ्य अपडेट्स एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों से अवगत कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नीमा महिला मंच भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि चिकित्सकों का ज्ञान बढ़े और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण आधुनिक अल्ट्रा-पोर्टेबल हैंडहेल्ड ब्रेस्ट एग्जामिनेशन डिवाइस का परिचय एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा। विशेषज्ञों ने इस आधुनिक उपकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यह स्तन स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा प्रारंभिक स्तर पर जांच को आसान और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम का मंच संचालन नीमा महिला मंच की महासचिव डॉ. वनीता गोस्वामी ने किया।
पंजाब अध्यक्ष डॉ. वीणा गुंबर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नीमा स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस मौके पर डॉ. हरमिंदर, डॉ. तमन्ना बहल, डॉ. निरिशमा मल्होत्रा, डॉ. सुमन शर्मा, डॉ. संदीता नागपाल, डॉ. विपुल कक्कड़, डॉ. सुनीता नागरथ, डॉ. नवनीत चीमा, डॉ. रेनु, डॉ. रितु, डॉ. रीना मल्होत्रा, डॉ. मोल तथा डॉ. वनीता गोस्वामी ,डॉ. अनुपमा सूद, डॉ. जसमीत कौर, डॉ. नवनीत मंगा सोढ़ी सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।