
जालंधर, 24 जुलाई 2026: पटेल हॉस्पिटल, जालंधर ने एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया (API), जालंधर सिटी चैप्टर के सहयोग से बेनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) एवं रेज़ूम वॉटर वेपर थेरेपी पर एक Continuing Medical Education (CME) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस वैज्ञानिक कार्यक्रम में जालंधर एवं आसपास के क्षेत्रों से 70 से अधिक चिकित्सकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में डॉ. सान्यम नंदवानी एवं डॉ. कमल सचदेवा, कंसल्टेंट यूरोलॉजिस्ट, किडनी ट्रांसप्लांट एवं रोबोटिक सर्जन, ने BPH के आधुनिक एवं वैज्ञानिक उपचार पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में उचित जांच एवं व्यक्तिगत चिकित्सा के माध्यम से BPH का प्रभावी उपचार संभव है। साथ ही, बेहतर उपचार योजना के लिए प्रोस्टेट का आकार, ओवरएक्टिव ब्लैडर (OAB) के लक्षण तथा इंटरनेशनल प्रोस्टेट सिम्पटम स्कोर (IPSS) के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विशेषज्ञों ने रेज़ूम वॉटर वेपर थेरेपी को प्रोस्टेट बढ़ने की समस्या के लिए एक आधुनिक, न्यूनतम इनवेसिव (MIST) तकनीक बताया, जिसमें भाप (Water Vapor) की प्राकृतिक ऊर्जा से उपचार किया जाता है। यह प्रक्रिया कम एनेस्थीसिया, कम अस्पताल प्रवास और शीघ्र रिकवरी जैसी विशेषताओं के कारण चयनित मरीजों के लिए लाभदायक है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वपन सूद, डॉ. हरमीत रियात एवं डॉ. रघुवेंद्र सिंह ने किया। CME के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र अत्यंत रोचक एवं इंटरैक्टिव रहा।
अंत में API जालंधर सिटी चैप्टर के महासचिव डॉ. वरुण गुप्ता ने सभी विशेषज्ञों, मॉडरेटर्स एवं उपस्थित चिकित्सकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।