
दवा फैक्ट्रियों पर FDA का बड़ा एक्शन, नियम तोड़ने पर 203 लाइसेंस रद्द

महाराष्ट्र; फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने राज्य भर में मिलावटी और अवैध दवाओं के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया है। FDA ने जून और अगस्त के बीच 880 दवा बनाने और बेचने वाली जगहों के खिलाफ कार्रवाई की और 11.41 करोड़ रुपये की अवैध दवाएं और कॉस्मेटिक्स ज़ब्त किए। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे के पद संभालने के बाद से राज्य में खाद्य सुरक्षा और दवाओं की क्वालिटी सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यवसायों पर शिकंजा कसा जा रहा है।विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में FDA की टीमों ने कुल 2,902 ठिकानों पर छापेमारी और जांच की। जिसमें से 607 दवा बनाने वाली फैक्ट्रियों और 2,295 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। और वहीं नियम तोड़ने वाली 140 निर्माण इकाइयों और 740 दवा विक्रेताओं पर गाज गिरी। विभाग ने 677 दुकानों व फैक्ट्रियों के लाइसेंस सस्पेंड (निलंबित) किए, जबकि 203 लाइसेंस पूरी तरह से रद्द कर दिए। कुल 104 सर्च-एंड-सीजर ऑपरेशन चलाए गए, 20 एफआईआर दर्ज की गईं और 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ज़ब्त किए गए सामान की कीमत 11.41 करोड़ रुपये थी। FDA ने कहा कि पिछले फाइनेंशियल ईयर में 13.64 करोड़ रुपये का सामान ज़ब्त किया गया था।



