पंजाबशिक्षा और संस्कृति

इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हिंदी दिवस

बाथू, ऊना:
इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के लगभग 150 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।समारोह में भाषण प्रतियोगिता एवं कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के 16 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की समृद्धता, राष्ट्र निर्माण में हिंदी की भूमिका, भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों तथा समकालीन विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। कविता प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और काव्य प्रतिभा के माध्यम से हिंदी साहित्य के प्रति अपनी रुचि को प्रदर्शित किया।कार्यक्रम में माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार बहल एवं कुलसचिव डॉ. जे. एस. राणा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और भावनात्मक एकता को जोड़ने वाली सशक्त भाषा है। विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे पूरे परिसर में हिंदी भाषा के प्रति उत्साह एवं गौरव का वातावरण देखने को मिला।हिंदी दिवस समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी भाषाई एवं साहित्यिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ हिंदी के प्रति सम्मान, प्रेम और जागरूकता विकसित करने का अवसर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य “हिंदी का सम्मान, हिंदी का उत्थान और हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग” की भावना को मजबूत करना रहा।
इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित यह हिंदी दिवस समारोह विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए ज्ञान, अभिव्यक्ति और भारतीय भाषाई संस्कृति से जुड़ने का एक प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button