

जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने विदेशों में निर्मित हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाबी यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 विदेशी पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए DCP आदित्य वारियर ने बताया कि यह कार्रवाई ADCP-2 माधवी शर्मा की अगुवाई में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर निवासी गांव अट्टी बाजा, फिल्लौर, दिलप्रीत सिंह निवासी जिला मोगा और मेहर सिंह उर्फ प्रिंस पुत्र लखविंदर सिंह निवासी न्यू आजाद नगर, लुधियाना के तौर पर हुई है।DCP ने बताया कि 18 सितंबर को सदर थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलकरण सिंह की निगरानी में पुलिस चौकी जंडियाला के इंचार्ज SI नरिंदर मोहन अपनी टीम के साथ जंडियाला मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान PB-08-GB-1101 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने बताया कि वाहन में मौजूद चालक और उसके साथ बैठे एक बिना दाढ़ी वाले व्यक्ति से पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया। इस दौरान गाड़ी में सवार व्यक्ति ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर SI नरिंदर मोहन पर गोली चलाने का प्रयास किया। SI ने उसका हाथ पकड़कर उसे पीछे धकेल दिया। इसके बाद आरोपी ने दो फायर किए, जिनमें से गोलियां पास स्थित एक ढाबे की दीवार में जा लगी। पुलिस टीम ने सावधानी बरतते हुए दोनों व्यक्तियों को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शॉकर के रूप में हुई, जबकि स्कॉर्पियो चालक दिलप्रीत सिंह निकला।


