
एस.डी. फूलरवां गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं जी.जी.डी.एस.डी. मॉडल स्कूल में कैंसर रोगियों के सम्मान में रोज़ डे मनाया गया

जालंधर, 22 सितंबर: एस.डी. फूलरवां गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं जी.जी.डी.एस.डी. मॉडल स्कूल में कैंसर रोगियों के सम्मान में रोज़ डे मनाया गया। इस अवसर पर PIMS की डॉ. मंसा मदान ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं रक्त परीक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने परिवार एवं रिश्तेदारों तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
यूनिटी क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल की डॉ. रुचि गौर ने विद्यार्थियों के साथ “विशफुल कार्ड” गतिविधि करवाई, जिसमें विद्यार्थियों ने कैंसर रोगियों के लिए प्रेरणादायक संदेश एवं शुभकामनाओं से युक्त कार्ड बनाए। ये कार्ड PIMS एवं यूनिटी क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के मरीजों तक पहुंचाए जाएंगे।
स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. अमरज्योति शर्मा ने 12 वर्षीय मेलिंडा रोज़ की प्रेरणादायक कहानी साझा की, जिनके साहस ने अनेक कैंसर रोगियों को प्रेरित किया। उन्होंने 22 सितंबर के रोज़ डे के संदेश “आशा, साहस और संवेदना” को विद्यार्थियों तक पहुंचाया।



