Sliderअन्य राज्य

बिहार में विधान परिषद चुनाव का बिगुल, 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट

पटना: निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को बिहार विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा करते हुए 23 अक्टूबर को मतदान कराने का कार्यक्रम जारी किया। आयोग के अनुसार, इन आठों सीटों पर निर्वाचित वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवम्बर 2026 को समाप्त हो रहा है।जिन सीटों पर चुनाव होगा उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी बयान के अनुसार, पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक से एन. के. यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह तथा सारण शिक्षक से अफाक अहमद का कार्यकाल 16 नवम्बर को समाप्त होगा। चुनाव की अधिसूचना 29 सितम्बर को जारी की जाएगी।नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर होगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा तथा मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। आयोग ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

Related Articles

Back to top button