

जालंधर, 23 सितंबर : जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा भाई घनईया जी चैरिटी एंड पीस इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से भाई घनईया जी मानव सेवा संकल्प दिवस को समर्पित जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय रेड क्रॉस भवन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर में शामिल हुए मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी शिवांश अस्थाना आई.ए.एस. ने संबोधित करते हुए युवाओ को भाई घनईया जी की महान सेवाओं से प्रेरणा लेते हुए मानवता की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाई घनईया जी ने मैदान-ए-जंग में घायलों की बिना किसी भेदभाव के सेवा की, जो मानवीय मूल्यों और परोपकार का एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हम सभी को भाई घनईया जी द्वारा दिखाए गए मार्ग से मार्गदर्शन लेते हुए जरूरतमंदों की मदद और मानवता की भलाई के लिए बढ़-चढ़कर काम करना चाहिए।
जिला स्तरीय समारोह के दौरान श्री अस्थाना द्वारा समाज सेवियों और दानी सज्जनों का सम्मान किया गया। इसके अलावा भाई घनईया जी के जीवन संबंधी आयोजित निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
इससे पहले विभिन्न वक्ताओं ने भाई घनईया जी के जीवन और उनके द्वारा मानवता की सेवा के लिए की गई महान सेवाओं संबंधी जानकारी दी। विभिन्न कॉलेजों के छात्रों द्वारा भाई घनईया जी के जीवन संबंधी अपने विचार प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मानवता की सेवा और सर्वसांझीवालता का प्रण भी लिया।
सचिव रेड क्रॉस सोसाइटी डा. सुरजीत लाल ने संबोधित करते हुए युवाओ को सेवा के अवसरों को पूरी मेहनत और समर्पण भावना के साथ निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह के दौरान रेड क्रॉस दिव्यांग स्कूल के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर के अलावा ऑर्थो और आंखों का चेकअप कैंप भी लगाया गया।
समारोह के दौरान सतपाल सिंह, रमेश लखनपाल, कैप्टन गुरमेल सिंह, वरिंदर सैनी, एस.पी. सदिकी, बहादुर सिंह, कैप्टन जसविंदर सिंह, मास्टर अमरीक सिंह, नेक राम, डा. अशोक सहोता और अन्य व्यक्तित्व भी मौजूद थे।



