

लुधियाना : टिब्बा रोड पर नगर निगम द्वारा स्थापित किए गए मुख्य कूड़ा डंप में पिछले 48 घंटों से लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। डंप में सुलग रहे प्लास्टिक और कचरे के ढेरों से लगातार उठ रहे घने जहरीले धुएं और गैसों के कारण आसपास की दर्जनों रिहायशी कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है।इलाके में सांस लेना दूभर होने, बीमारियां फैलने और शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक व राजनीतिक अनदेखी से गुस्साए सैकड़ों स्थानीय लोगों ने मंगलवार को टिब्बा रोड मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और नगर निगम व जिला प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्राप्त विवरण के अनुसार, टिब्बा रोड स्थित नगर निगम के कूड़ा डंप में दो दिन पूर्व अचानक आग भड़क उठी थी। देखते ही देखते आग ने कचरे के विशालकाय पहाड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के ठोस इंतजाम न होने के कारण पिछले दो दिनों से डंप लगातार भीतर ही भीतर सुलग रहा है। इससे निकलने वाले काले, घने और बदबूदार धुएं की मोटी चादर ने पूरे इलाके को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। आलम यह है कि आसपास के घरों में दिन के समय भी लोगों को खिड़कियां दरवाजे बंद कर कैद रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।सड़क पर धरने पर बैठे लोगों ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक फायर ब्रिगेड भेजकर डंप की आग को पूरी तरह बुझाया नहीं जाता और यहां जमा गंदे पानी व कचरे के निस्तारण के लिए स्थायी कदम नहीं उठाए जाते, तब तक वे अपना धरना समाप्त नहीं करेंगे



