
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से सिक्किम की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे, जिसके दौरान वह राज्य के गठन की 50वीं वर्षगांठ के समापन समारोह में शामिल होंगे और 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का भी अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे गंगटोक पहुंचेंगे। 28 अप्रैल को, उनका गंगटोक में ऑर्किडेरियम का दौरा करने का कार्यक्रम है। इसे राज्य की समृद्ध पारिस्थितिकी और फूलों की विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक विश्व स्तरीय ‘ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में विकसित किया गया है।पीएम मोदी दो दिवसीय सिक्किम दौरे के दौरान मंगलवार सुबह करीब 10 बजे, पालजोर स्टेडियम में स्वर्ण जयंती समारोह के समापन समारोह में शामिल होंगे।यहां प्रधानमंत्री बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।पीएम मोदी इस मौके पर कई प्रोजेक्ट लॉन्च करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे। जनसभा को संबोधित भी करेंगे।स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में, प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगांग में 100 बेड वाले आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे।पीएम मोदी एनआईटी देओराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत ‘सोवा रिग्पा’ अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।