
जालंधर, 25 जुलाई।
केंद्रीय सरकार की कथित छात्र विरोधी नीतियों और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को जालंधर में ‘थाली बजाओ, तानाशाह भगाओ’ अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पार्टी के मंत्री, सांसद, विधायक, जिला व ब्लॉक पदाधिकारी, पार्षद, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने छात्रों के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पिछले कुछ समय से देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक तथा अनियमितताओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार इन मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है और युवाओं को न्याय दिलाने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया।
ज़िला शहरी प्रधान अमृतपाल सिंह ने कहा कि शिक्षा और भर्ती प्रणाली में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। यदि परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार सवालों के घेरे में रहेगी तो मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भरोसा व्यवस्था से उठ जाएगा। इसलिए सरकार को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने थालियां बजाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और कहा कि यह प्रतीकात्मक आंदोलन युवाओं के भविष्य को बचाने की लड़ाई का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र लंबे समय से निष्पक्ष परीक्षाओं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करे, परीक्षा संचालन की प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाए तथा पेपर लीक और भर्ती घोटालों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई करे।इस अवसर पर करतारपुर के विधायक बलकार सिंह, लोक सभा अध्यक्ष रमणीक सिंह रंधावा,जालंधर के मेयर वनीत धीर, नितिन कोहली हल्का इंचार्ज जालंधर सेंट्रल, केंट हल्का इंचार्ज राजविंदर कौर थिअरा,दिनेश ढल हल्का इंचार्ज जालंधर नॉर्थ, प्रदीप दुग्गल देहाती प्रधान, गुरिंदर सिंह शेरगिल दोआबा यूथ प्रधान,तरणदीप सिंह सनी दोआबा मीडिया इंचार्ज,संजीव भगत मीडिया इंचार्ज,रूबल संधू यूथ प्रधान, शोभा भगत, सुभाष भगत,इसके इलावा अलग अलग विंगों के पदाधिकारी, चेयरमैन, कौंसलर
व बड़ी संख्या में कार्यकर्त्ता उपस्थिति रहे