Sliderपंजाब

डिप्टी कमिश्नर व पुलिस कमिश्नर श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में हुए नतमस्तक

जालंधर, 22 सितंबर : डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह आज ऐतिहासिक श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर में नतमस्तक हुए और इस पवित्र स्थान पर लगने वाले सालाना मेले के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में भी मत्था टेका और सभी के भले के लिए अरदास की।

दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर का दौरा किया और देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं की उचित और निर्विघ्न आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे क्योंकि मेले के दौरान 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के मंदिर आने की उम्मीद है।

डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर ने कहा कि भारी जमावड़े के मद्देनजर धार्मिक स्थान और अन्य अहम जगहों पर आवश्यक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आमद को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। मेले के दौरान प्रबंधों संबंधी बेहतर तालमेल और किसी भी जरूरत पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए मंदिर परिसर में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आवाजाही प्रबंधन, वाहनों के लिए डायवर्जन, पार्किंग सुविधा और भीड़ को संभालने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी से दर्शन सकें। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चौकन्ना रहने तथा मेले के दौरान विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अधिकारियों ने धार्मिक स्थान के अंदर और आस-पास उचित सफाई व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं की जरूरत पर भी जोर दिया। नगर निगम को मंदिर जाने वाली सड़कों पर सफाई व पानी का छिड़काव और श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी शौचालयों का प्रबंध करने को भी कहा गया।

इसी तरह स्वास्थ्य विभाग को किसी भी मैडिकल आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता प्रदान करने के लिए उपयुक्त स्थानों पर आवश्यक दवाओं और एंबुलेंस से लैस चिकित्सकीय टीमें तैनात करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस विश्व-प्रसिद्ध मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, साफ-सुथरा और आरामदायक माहौल मिले और वह पूरी श्रद्धा व उत्साह के साथ धार्मिक समारोह में भाग ले सकें।

इस मौके पर मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। इससे पहले बाबा सोढल मंदिर और गुरुद्वारा साहिब दोनों की समितियों द्वारा डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर का सम्मान भी किया गया।

Related Articles

Back to top button