Sliderपंजाब

पंजाब शिक्षा क्रांति के तहत मंत्री मोहिंदर भगत ने 15 लाख रुपये के स्कूल विकास कार्यों का किया उद्घाटन

जालंधर, 25 सितंबर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य के शिक्षा क्षेत्र को बेहतर बनाने की दिशा में पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज पंजाब शिक्षा क्रांति योजना के अंतर्गत 15 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले नए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में आबादपुरा स्थित दो सरकारी शिक्षण संस्थानों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना शामिल है। सरकारी प्राइमरी स्कूल के लिए 10 लाख रुपये तथा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए 5 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना शामिल है। उन्होंने कहा कि पंजाब भर के सरकारी स्कूलों का व्यापक स्तर पर नवीनीकरण और भवनों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि इनका स्तर निजी संस्थानों से भी बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शिक्षा वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए स्मार्ट क्लासरूम, इंटरैक्टिव एलसीडी स्क्रीन सहित अत्याधुनिक सुविधाएं सरकारी स्कूलों में उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने सरकारी स्कूलों में कार्यरत योग्य एवं अनुभवी अध्यापकों पर गर्व व्यक्त करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सरकारी शिक्षण संस्थानों में दाखिल करवाएं, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उज्ज्वल भविष्य के अवसर मिल सकें।
मोहिंदर भगत ने कहा कि ‘रंगला पंजाब’ अभियान के तहत राज्यभर में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूत एवं बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पंजाब शिक्षा क्रांति के कोऑर्डिनेटर संजीव भगत ने पंजाब सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यभर के स्कूलों में बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, कक्षाओं में आधुनिक तकनीक की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल नरिंदरजीत कौर, गुरनाम सिंह, राज सभरवाल, राज कुमार और अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button